Blog Post

Bihar today news > Blog > बिहार > गया में असामाजिक तत्वों के द्वारा रामविलास पासवान की मूर्ति को तोड़ा गया

गया में असामाजिक तत्वों के द्वारा रामविलास पासवान की मूर्ति को तोड़ा गया

Viral video:  बिहार के गया में लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के दिग्गज नेता रामविलास पासवान की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों के द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया है। मीडिया जानकारी के अनुसार जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने रामविलास की मूर्ति के दोनों हाथ तोड़ दिए। चेहरे को भी नुकसान पहुंचाया। घटना को लेकर LJP (रामविलास) के नेताओं में आक्रोश है। पार्टी के लोग इसे राजनीतिक षड्यंत्र बता रहे हैं।

पार्टी के नेताओं ने नीमचक बथानी में FIR दर्ज कराया है। जिला पुलिस भी इस मामले में एक्टिव हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल की है। SSP ने जांच के आदेश दिए हैं। लगभग 2 साल पहले स्व. रामविलास पासवान की मूर्ति को बथानी टोला में स्थापित किया गया था। प्रतिमा का अनावरण सांसद चिराग पासवान ने किया था।

अरुण भारती बोले- माहौल खराब करने की कोशिश

जमुई के सांसद और रामविलास पासवान के दामाद अरूण भारती ने कहा, उपद्रवियों ने माहौल खराब करने के लिए ऐसा किया है। इस बारे में प्रशासन से शिकायत की गई है। CM से मिलकर इस मामले को रखेंगे। CM से कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।’

पार्टी के नेता बोले- राजनीतिक षड्यंत्र है

LJP नेता अरविंद सिंह ने कहा, गरीबों के मसीहा रामविलास पासवान की मूर्ति को कुछ लोगों ने रात के अंधेरे में क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजनीतिक षड्यंत्र है।

SSP आशीष भारती ने बताया कि प्रतिमा मरम्मत करा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नीमचक बथानी को निर्देशित किया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *